लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट: नितिन मेहरा, अजमेर
अजमेर। जिले में गैस सिलेंडर की आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा के लिए जिला कलक्टर लोक बंधु और पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने शहर की विभिन्न गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिला रसद अधिकारी मोनिका जाखड़ भी मौजूद रहीं।
जिला कलक्टर और एसपी ने वैशाली नगर एवं कोटड़ा क्षेत्र स्थित गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर उपभोक्ताओं से बातचीत की। एसकेएम एप्लाईन्सेज एचपी, वर्धमान इंडेन और अजेय भारत गैस एजेंसियों पर स्टॉक की जांच की गई तथा संचालकों को समय पर सिलेंडरों की होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने गैस सिलेंडर बुक कराने से पहले सभी उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी करवाना अनिवार्य बताया। साथ ही निर्देश दिए कि गैस सिलेंडर की डिलीवरी शत-प्रतिशत ओटीपी के माध्यम से ही की जाए। उन्होंने कहा कि किसी उपभोक्ता को बुकिंग में समस्या आने पर वैकल्पिक तरीकों से भी सहायता प्रदान की जाए और अनायास सिलेंडर लेने वाले उपभोक्ताओं पर विशेष निगरानी रखी जाए।
जिला प्रशासन ने बताया कि जिलेभर की सभी गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया गया है। उपखंड अधिकारियों और तहसीलदारों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर स्टॉक और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। गैस सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी, कालाबाजारी और रिफिलिंग रोकने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
गैस की उपलब्धता से संबंधित शिकायतों और अवैध गतिविधियों की सूचना के लिए जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है। इसके लिए दूरभाष नंबर 01452628932 जारी किया गया है, जहां प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
जिला कलक्टर ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना से घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि जिले में गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और बुकिंग की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो रही है। बार-बार बुकिंग करने से सिस्टम हैंग हो सकता है, इसलिए उपभोक्ताओं से लेट आवर्स में बुकिंग करने की अपील की गई है।

















































