लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
EWS सरलीकरण की रैली में उमड़ा जनसैलाब, JCB से हुई पुष्पवर्षा; 51 किलो की माला पहनाकर किया अभिनंदन
पादूकलां। EWS व्यवस्था के सरलीकरण और उसमें व्यावहारिक बदलाव की मांग को लेकर निकाली जा रही रैली मंगलवार को पादूकलां पहुंची। यहां शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी का 36 कौम के लोगों, युवाओं और ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। पद्मावती नगर के सदर बाजार में विधायक को 51 किलो की माला पहनाकर और साफा बांधकर अभिनंदन किया गया। इस दौरान JCB से पुष्पवर्षा भी की गई।
रैली के पहुंचने पर युवाओं ने EWS व्यवस्था में बदलाव की मांग को लेकर नारे लगाए। बड़ी संख्या में ग्रामीण और समर्थक रैली में शामिल हुए। वाहनों के लंबे काफिले के कारण मार्ग पर लोगों की भीड़ नजर आई।
गांव-गांव हुआ स्वागत
रैली के दौरान सेंसड़ा, पादू खुर्द, लांपोलाई, अरनियाला और बग्गड़ पालियास सहित कई गांवों में विधायक भाटी का स्वागत किया गया। कई जगह JCB के जरिए पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। ग्रामीणों और युवाओं ने रैली के समर्थन में उत्साह जताया।
भाटी बोले- EWS के लिए जारी रहेगा संघर्ष
पादूकलां में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने EWS व्यवस्था को सरल और व्यावहारिक बनाने की मांग को लेकर मजबूती से आवाज उठाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि EWS का मुद्दा किसी एक वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं और सामान्य परिवारों के भविष्य से जुड़ा विषय है। उन्होंने सभी वर्गों से एकजुट होकर अपनी मांग सरकार तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भाटी ने कहा कि नागौर की जनता बदलाव के लिए एकजुट होकर आगे आएगी तो सरकार को भी जनता की मांगों पर ध्यान देना पड़ेगा। उन्होंने EWS से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखने की बात कही।
36 कौम और युवाओं ने जताया समर्थन
सदर बाजार में 36 कौम के लोगों, युवाओं और ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से विधायक का स्वागत किया। जगह-जगह पुष्पवर्षा और नारों से रैली का अभिनंदन किया गया।
रैली के माध्यम से EWS व्यवस्था को सरल, पारदर्शी और व्यावहारिक बनाने की मांग सरकार तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। विधायक भाटी ने पादूकलां सहित रैली मार्ग में हुए स्वागत के लिए ग्रामीणों, युवाओं और समर्थकों का आभार जताया।






















































