लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
फुलवारी पार्क के सामने राहगीरों ने देखा शव, गोताखोरों की मदद से निकाला बाहर; पुलिस जांच में जुटी
भरतपुर। शहर के बीचोंबीच स्थित सुजान गंगा नहर में गुरुवार दोपहर एक युवक का शव तैरता मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। फुलवारी पार्क के सामने नहर में शव दिखाई देने पर राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौबुर्जा चौकी प्रभारी राकेश मान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
गोताखोरों की मदद से शव नहर से निकाला
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गोताखोरों को बुलाया। काफी मशक्कत के बाद शव को नहर से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पहचान के प्रयास शुरू किए।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान योगेश पुत्र धर्मेंद्र, निवासी किला स्थित गायत्री मंदिर के पीछे के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया। शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
चौबुर्जा चौकी प्रभारी राकेश मान ने बताया कि दोपहर करीब 12:30 बजे सूचना मिली थी कि फुलवारी पार्क के सामने सुजान गंगा नहर में एक शव तैर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया गया।
हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल युवक की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही मृतक के परिजनों और परिचितों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

















































