पूर्व सरपंच राजेन्द्र सिंह परिहार का निधन, डग क्षेत्र में शोक की लहर

0
25
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

तबीयत बिगड़ने के बाद भवानीमंडी ले जाते समय रास्ते में निधन, रतनपुरा में गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार

डग, झालावाड़। डग पंचायत समिति के पूर्व प्रधान रघुराज सिंह परिहार के पुत्र एवं ग्राम पंचायत डग के पूर्व सरपंच राजेन्द्र सिंह परिहार का निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही डग सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और समर्थक उनके निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंचे।

जानकारी के अनुसार राजेन्द्र सिंह परिहार की सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें उपचार के लिए डग चिकित्सालय लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया। परिजन और समर्थक उन्हें भवानीमंडी लेकर जा रहे थे, इसी दौरान रास्ते में उनका निधन हो गया।

राजेन्द्र सिंह परिहार ग्राम पंचायत डग के पूर्व सरपंच और पंचायत समिति सदस्य रह चुके थे। वे तीन कार्यकाल तक सरपंच रहे और इस दौरान क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों में उनकी भूमिका रही। स्थानीय स्तर पर वे लंबे समय से सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े हुए थे।

बताया गया कि राजेन्द्र सिंह परिहार वर्तमान में पंचायत समिति चुनाव को लेकर भी सक्रिय थे और चुनावी रणनीति पर काम कर रहे थे। उनके निधन से क्षेत्र के राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं में भी शोक की स्थिति है।

निधन के बाद पार्थिव देह को उनके पैतृक गांव रतनपुरा ले जाया गया। यहां गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, समर्थक और परिचित मौजूद रहे।

राजेन्द्र सिंह परिहार के निधन को क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति बताते हुए लोगों ने उनके सामाजिक और सार्वजनिक जीवन में किए गए कार्यों को याद किया तथा परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here