लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बूथ से जिला केंद्र तक पहुंचेंगे भाजपा कार्यकर्ता
जयपुर में मानसरोवर के वीटी रोड पर होगा मुख्य कार्यक्रम, पीएम मोदी और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे वर्चुअल संबोधन
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया)
भारतीय जनता पार्टी राजस्थान की ओर से 7 अक्टूबर को प्रदेशभर में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ आयोजित की जाएगी। पार्टी कार्यकर्ता प्रदेश के प्रत्येक बूथ से जिला केंद्रों तक पहुंचेंगे और सेवा, समर्पण व सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश आमजन तक पहुंचाएंगे।
राजधानी जयपुर में मुख्य कार्यक्रम सांगानेर विधानसभा क्षेत्र के मानसरोवर स्थित वीटी रोड, शिप्रापथ थाने के सामने सुबह 9 बजे आयोजित होगा। इसमें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आमजन के शामिल होने की संभावना है।
पीएम मोदी और नितिन नवीन का वर्चुअल संबोधन
कार्यक्रम के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन होगा। पार्टी के अनुसार प्रधानमंत्री इस अवसर पर कार्यकर्ताओं और जनता के प्रति आभार व्यक्त करेंगे। इसके बाद सेवा और सामाजिक दायित्व के प्रतीक के तौर पर ‘मशाल’ प्रज्ज्वलित की जाएगी।
25 साल की सार्वजनिक सेवा को बनाया आधार
मदन राठौड़ ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने पहली बार गुजरात के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। भाजपा के अनुसार 7 अक्टूबर 2026 को उनके सार्वजनिक जीवन में शासन प्रमुख के तौर पर 25 वर्ष पूरे होने के अवसर को सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से चिह्नित किया जा रहा है।
राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन को भाजपा राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण से जोड़कर देखती है। यात्रा के जरिए पार्टी कार्यकर्ता सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश लेकर जनता के बीच जाएंगे।
बूथ से जिला केंद्र तक होगा कार्यकर्ताओं का जुटान
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक यात्रा में प्रत्येक बूथ से कार्यकर्ता जनता के साथ संवाद करते हुए जिला केंद्र तक पहुंचेंगे। प्रदेश के सभी जिला केंद्रों पर होने वाले कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं और आमजन की भागीदारी रहेगी।
भाजपा का कहना है कि ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के साथ कार्यकर्ताओं को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।






















































