- Advertisement -
लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
**इंस्टाग्राम पर ब्लॉक हुआ प्यार, जान पर बन आई!
एकतरफ़ा मोहब्बत में युवक ने खुद को मारी गोली, फिर रची हमले की कहानी**
झुंझुनूं ।सोशल मीडिया पर पनपा एकतरफ़ा प्यार एक युवक की जिंदगी के लिए जानलेवा बन गया। झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर प्रेमिका द्वारा ब्लॉक किए जाने से टूटे युवक ने आत्महत्या की कोशिश कर डाली। गोली खुद को लगी, लेकिन बदनामी और कानून के डर से उसने हमले की झूठी कहानी गढ़ दी। आखिरकार पुलिस की सख्त जांच में पूरा सच सामने आ गया।
पुलिस के अनुसार काकोडा निवासी अजय उर्फ दीपू (23) एक युवती से इंस्टाग्राम के जरिए जुड़ा था। बातचीत बढ़ी, भावनाएं गहरी हुईं, लेकिन यह रिश्ता सिर्फ उसकी तरफ से था। जब युवती ने उसे सोशल मीडिया पर ब्लॉक कर दिया, तो युवक गहरे तनाव और अवसाद में चला गया।
प्यार में मिली ‘ब्लॉक’ की सजा, मौत का ख्याल आया
28 दिसंबर की शाम युवक ने जिंदगी खत्म करने का फैसला कर लिया। अवैध देशी कट्टे से खुद को गोली मारने की कोशिश के दौरान ट्रिगर दब गया और गोली सीधे उसके हाथ में जा लगी। दर्द से तड़पते युवक ने हथियार छिपाया और एम्बुलेंस को फोन कर खुद पर हमले की झूठी कहानी सुना दी।
दो दिनों तक युवक पुलिस और डॉक्टरों को गुमराह करता रहा। लेकिन सूरजगढ़ पुलिस को उसके बयानों में विरोधाभास नजर आया। 31 दिसंबर को सख्ती से पूछताछ हुई तो वह टूट गया और कबूल कर लिया कि यह सब एकतरफ़ा प्यार में मिले धोखे और मानसिक तनाव का नतीजा था।
प्यार से अपराध तक
पुलिस ने युवक की निशानदेही पर ट्यूबवेल के नीचे से अवैध देशी कट्टा और 8 जिंदा कारतूस बरामद किए। बिना लाइसेंस हथियार रखने के आरोप में उसे आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया है।
सोशल मीडिया और एकतरफ़ा प्यार का खतरनाक सच
यह मामला एक बार फिर सवाल खड़े करता है कि क्या सोशल मीडिया पर बना प्यार इतना मजबूत होता है? क्यों एकतरफ़ा प्रेम में युवा अपनी जिंदगी दांव पर लगाने लगते हैं?
ब्लॉक होना क्या जिंदगी खत्म करने की वजह बन सकता है?
पुलिस का कहना है कि प्रेम में असफलता को अपराध या आत्मघाती कदम में बदलना बेहद खतरनाक सोच है। जरूरत है संवाद, काउंसलिंग और सही दिशा देने की—ताकि प्यार जिंदगी संवार सके, उजाड़ न दे।
- Advertisement -















































