लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा | राजसमंद
राजसमंद। राजस्थान आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी संघ, जिला शाखा राजसमंद के चुनाव रविवार को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए। चुनाव प्रक्रिया में जिले के सभी आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारियों ने भाग लिया।
निर्वाचन परिणामों के अनुसार डॉ. संदीप यादव को निर्विरोध जिला अध्यक्ष चुना गया। वहीं डॉ. चंद्रवीर सिंह को प्रांतीय राजपत्रित महासंघ प्रतिनिधि के रूप में निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। इसके अलावा डॉ. विनोद शर्मा, डॉ. संजय धाकड़ एवं डॉ. रामकन्या मेनारिया को प्रांतीय प्रतिनिधि पद पर निर्विरोध चुना गया।
चुनाव प्रक्रिया का संचालन पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. रामानंद दाधीच ने निर्वाचन अधिकारी के रूप में किया, जबकि राजस्थान आयुर्वेद नर्सिंग काउंसिल के रजिस्ट्रार डॉ. मुख्तयार सिंह ने चुनाव पर्यवेक्षक की भूमिका निभाई।
चुनाव सम्पन्न होने के बाद पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. समंदर सिंह शर्मा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को आयुर्वेद चिकित्सकों के हितों की रक्षा करते हुए संगठन के संविधान के अनुरूप कार्य करने की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर उपनिदेशक आयुर्वेद डॉ. रमेश चन्द्र मीणा ने भी नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शपथ दिलाते हुए आयुर्वेद चिकित्सकों के हित में संवैधानिक रूप से कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित चिकित्सकों ने नवगठित कार्यकारिणी को बधाई दी और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प व्यक्त किया।


















































