लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट: नितिन मेहरा, अजमेर
अजमेर। जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध व्यावसायिक उपयोग और कालाबाजारी के खिलाफ रसद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी कर कुल 35 गैस सिलेंडर जब्त किए। कार्रवाई जिला रसद अधिकारी मोनिका जाखड़ के नेतृत्व में गठित प्रवर्तन टीमों द्वारा की गई।
विभागीय जानकारी के अनुसार, जांच दलों ने अजमेर शहर के रामनगर रोड, कोटड़ा और मित्तल हॉस्पिटल क्षेत्र के आसपास स्थित कई होटल और ढाबों पर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करते पाए जाने पर टीम ने मौके से 10 घरेलू सिलेंडर जब्त किए और होटल संचालकों के खिलाफ 10 अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए।
कार्रवाई के दौरान सबसे बड़ी सफलता शीशाखान क्षेत्र में मिली। पीर रोड स्थित शाहिद हुसैन के मकान पर दी गई दबिश में भारी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित गैस सिलेंडर बरामद हुए। यहां से कुल 24 सिलेंडर जब्त किए गए, जिनमें 11 व्यावसायिक और 13 घरेलू सिलेंडर शामिल हैं। विभाग को इस स्थान पर लंबे समय से अवैध रिफिलिंग और भंडारण की शिकायतें मिल रही थीं।
शहर के अलावा नसीराबाद क्षेत्र में भी रसद विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए घरेलू गैस सिलेंडर के दुरुपयोग के एक मामले में एक सिलेंडर जब्त कर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया।
जिला रसद अधिकारी मोनिका जाखड़ ने बताया कि घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग और अवैध रिफिलिंग कानूनन अपराध है और रिहायशी क्षेत्रों में यह बड़े हादसों का कारण बन सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि जिले में कालाबाजारी रोकने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


















































