लोक टुडे न्यूज़
जयपुर।आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व एवं धीरज टोकस ने राजस्थान में संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से तीन नए सह प्रभारियों की नियुक्ति की है। पार्टी द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार महेश खींची, डॉ. सत्यवान राणा एवं डॉ. नीतू मान को राजस्थान का सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इन नियुक्तियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आम आदमी पार्टी राजस्थान के प्रभारी धीरज टोकस का प्रदेश संगठन की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया गया। पार्टी ने विश्वास जताया कि इन अनुभवी एवं समर्पित नेताओं के नेतृत्व में राजस्थान में संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी तथा पार्टी का जनाधार तेजी से बढ़ेगा।


राजस्थान के सह प्रभारी घनेन्द्र भारद्वाज ने कहा कि राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल राजस्थान में लगातार मजबूत और जुझारू नेतृत्व को जिम्मेदारी सौंप रहे हैं। राजस्थान की जनता वर्षों से भाजपा और कांग्रेस दोनों के शासन को देख चुकी है, लेकिन दोनों दल जनता की अपेक्षाओं पर खरे उतरने में विफल रहे हैं। प्रदेश की जनता अब एक ईमानदार, पारदर्शी और विकासोन्मुखी राजनीति चाहती है और आम आदमी पार्टी ही राजस्थान की जनता के लिए एक मजबूत एवं भरोसेमंद विकल्प बनकर उभर रही है।
प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष कीर्ति पाठक ने कहा कि आम आदमी पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व अब राजस्थान को लेकर पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। लगातार संगठनात्मक नियुक्तियां यह स्पष्ट संकेत हैं कि पार्टी राजस्थान में मजबूत संगठन खड़ा करने और आगामी चुनावों के लिए पूरी तैयारी के साथ आगे बढ़ रही है। आने वाले समय में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए इसी प्रकार निरंतर निर्णय लिए जाएंगे।
आम आदमी पार्टी राजस्थान के मुख्य प्रवक्ता दीपक मिश्रा ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व द्वारा राजस्थान के लिए तीन नए सह प्रभारियों की नियुक्ति प्रदेश संगठन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण निर्णय है। यह नियुक्तियां बताती हैं कि राष्ट्रीय नेतृत्व राजस्थान को विशेष प्राथमिकता दे रहा है। इन अनुभवी नेताओं के मार्गदर्शन में प्रदेश के प्रत्येक जिले, विधानसभा एवं बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक मजबूत किया जाएगा तथा आम आदमी पार्टी की नीतियों और जनहित के कार्यों को हर घर तक पहुंचाया जाएगा।पार्टी ने नव नियुक्त सभी सह प्रभारियों को नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके अनुभव, संगठनात्मक क्षमता और जनसेवा के संकल्प से राजस्थान में आम आदमी पार्टी का संगठन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।















































