लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। (आर एन सांवरिया) सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने मंगलवार को विभागीय योजनाओं और बजट घोषणाओं की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को वित्तीय वर्ष समाप्त होने से पहले सभी घोषणाओं को पूर्ण करने का लक्ष्य दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुसार बजट घोषणाओं का क्रियान्वयन आमजन को वास्तविक लाभ पहुंचाने के लिए अनिवार्य है।
बैठक में सचिवालय स्थित चिंतन सभागार में विभागीय योजनाओं की प्रगति, केंद्रीय बजट आवंटन, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, संपर्क पोर्टल और अन्य विषयों की समीक्षा की गई। गहलोत ने पेंशनरों के मृत्यु के बाद डेटा अपडेट कर पेंशन रोकने के लिए माइक्रो मैनेजमेंट तैयार करने के भी निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि छात्रवृत्ति, पेंशन, पालनहार, अंतरजातीय विवाह, नवजीवन, मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग, दिव्यांग स्कूटी, सिलिकोसिस योजना सहित सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर समय पर पात्र लाभार्थियों तक लाभ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को भुगतान में विलंब और बजट खर्च न होने के कारण किसी भी पात्र लाभार्थी को वंचित नहीं रहने देने का निर्देश भी दिया।
अविनाश गहलोत ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और निरंतर मॉनिटरिंग के लिए विभागीय समिति गठित करने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव अपर्णा अरोड़ा, निदेशक आशीष मोदी, आयुक्त नि:शक्तजन इकबाल खान सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।




















































