लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा | राजसमन्द
गौतम शर्मा | राजसमन्द जिले के कुंवारिया कस्बे में 1 जनवरी की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक पैदल राहगीर की मौत हो गई। यह हादसा स्कूल मेला ग्राउंड के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रोशन लाल लोहार (65) पुत्र मांगीलाल लोहार पैदल अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार बाइक चालक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल रोशन लाल को निजी वाहन से आर.के. चिकित्सालय, राजसमन्द पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें उदयपुर स्थित महाराणा भूपाल चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार देर रात उनकी मृत्यु हो गई।
लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज
कुंवारिया थाना अधिकारी सीआई रामचंद्र कुमावत ने बताया कि बाइक चालक ललित पुत्र दुर्गा लाल द्वारा तेज एवं लापरवाही से वाहन चलाते हुए पीछे से टक्कर मारी गई। इससे पीड़ित मुंह के बल गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
पहले बेटे की मौत, अब दादा भी नहीं रहे
मृतक के परिजन सुरेश चंद्र लोहार ने बताया कि रोशन लाल के एकमात्र पुत्र राजेश लोहार की वर्ष 2022 में कोरोना संक्रमण के दौरान मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद रोशन लाल अपने पांच वर्षीय पोते आदित्य लोहार का पालन-पोषण कर रहे थे। अब दादा की मौत के बाद मासूम आदित्य के सिर से भी सहारा उठ गया है।
आर्थिक सहायता की मांग
परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के चलते परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे कुंवारिया कस्बे में शोक का माहौल बना हुआ है और लोग पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं।













































