लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
125 करोड़ की कर चोरी उजागर, प्रदेशभर में 100 प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी
मौके पर 8 करोड़ रुपये की वसूली
जयपुर | (आर.एन. सांवरिया) कर अपवंचन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से वाणिज्यिक कर विभाग द्वारा प्रदेशभर में सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार से आयरन-स्टील एवं स्क्रैप कारोबार के विरुद्ध प्रदेश स्तर पर एक साथ बड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के तहत कुल 100 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई, जिसमें 125 करोड़ रुपये की कर चोरी का खुलासा हुआ है।
8 करोड़ रुपये मौके पर जमा
राज्य के मुख्य कर आयुक्त कुमार पाल गौतम के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई के दौरान विभाग ने मौके पर ही लगभग 8 करोड़ रुपये की राशि जमा करवाई। जांच के दौरान कई स्थानों से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, कच्ची पर्चियां एवं संदिग्ध दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं, जिनकी विस्तृत जांच विभागीय अधिकारियों द्वारा की जा रही है।
स्क्रैप के अवैध परिवहन पर भी सख्ती
वाणिज्यिक कर विभाग द्वारा प्रदेश में स्क्रैप के अवैध परिवहन के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई जारी है। विभिन्न स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है, ताकि कर चोरी एवं अवैध व्यापार पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।
500 करोड़ से अधिक की कर चोरी पहले ही उजागर
गौरतलब है कि विभाग ने हाल के दिनों में कर चोरी के खिलाफ व्यापक सख्ती अपनाई है। बीते कुछ दिनों में ही लगभग 500 करोड़ रुपये की कर चोरी उजागर की जा चुकी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी, जिससे राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


















































