लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) सर्दी के मौसम में जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से भीलवाड़ा रेडक्रॉस द्वारा निरंतर सेवा कार्य किए जा रहे हैं। रेडक्रॉस के चेयरमेन लादूराम बांगड़ ने अपने 74वें जन्मदिवस के अवसर पर तहसील बनेड़ा के श्रीजी का खेड़ा एवं खारोलिया खेड़ा गांवों में कुल 450 कंबलों का वितरण किया।
इस अवसर पर लादूराम बांगड़ ने “जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी” की भावना को आत्मसात करते हुए कहा कि वे अपने क्षेत्र और समाज के लिए सदैव सेवा कार्य करते रहेंगे। कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान दोनों गांवों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़ों और फूलों की वर्षा के बीच ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया।
कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं की भी भागीदारी रही। दोनों गांवों में हर घर को एक कंबल प्रदान किया गया, जिससे जरूरतमंद परिवारों को सर्दी से राहत मिली।
इस अवसर पर जिला सचिव रमेश मूंदड़ा, कोषाध्यक्ष कंवरलाल पोरवाल, सदस्य कांतिलाल जैन सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। रेडक्रॉस द्वारा किए गए इस सेवा कार्य को ग्रामीणों ने सराहा और इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।













































