लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन
झालावाड़/गंगधार (सुनील निगम)। अखिल भारतीय ड्रगिस्ट एंड केमिस्ट संगठन के राष्ट्रव्यापी बंद के आह्वान पर बुधवार को झालावाड़ जिले के चौमहला और गंगधार क्षेत्र में सभी दवा दुकानें बंद रहीं। दवा व्यापारियों ने ऑनलाइन फार्मेसी के जरिए हो रही अवैध दवा बिक्री और भारी छूट की नीति के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
बंद के दौरान क्षेत्र के सभी मेडिकल स्टोर संचालकों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर एकजुटता दिखाई। इसके बाद व्यापारियों ने उपखंड अधिकारी (एसडीएम) को चार सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
व्यापारियों की प्रमुख मांगें
ज्ञापन में व्यापारियों ने निम्न मांगें रखीं—
- अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री पर तत्काल रोक
- बिना वैध ई-प्रिस्क्रिप्शन दवाओं की बिक्री और होम डिलीवरी पर प्रतिबंध
- GSR 817E एवं GSR 220E नियमों को वापस लेना
- ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की प्रिडेटरी प्राइसिंग नीति पर रोक
मरीजों को हुई परेशानी
दवा दुकानें बंद रहने से ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को दवाइयां खरीदने में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोग सुबह से ही मेडिकल स्टोरों के बाहर इंतजार करते दिखाई दिए।
पहले ही दी थी सूचना
दवा व्यापारियों ने बताया कि 19 मई को ही आमजन से अपील कर दी गई थी कि वे बंद से पहले अपनी आवश्यक दवाइयां खरीद लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
व्यापारियों का कहना है कि ऑनलाइन फार्मेसी की अनियमित गतिविधियों से स्थानीय दवा व्यवसाय प्रभावित हो रहा है और मरीजों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।
























































