लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)। सुखोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र सूथड़ा में नववर्ष 2026 के अवसर पर धार्मिक उत्सव मनाया गया। जैन समाज ने श्रद्धाभाव के साथ 108 स्वर्ण कलशों से अभिषेक कर नव वर्ष का विधिपूर्वक स्वागत किया।
श्री मुनिसुव्रतनाथ दिगम्बर जैन सुखोदय तीर्थ में श्रावक श्रेष्ठियों ने ऋद्धि मंत्रों के साथ अभिषेक किया। 2025 से चल रहे भक्तामर अनुष्ठान के एक वर्ष पूर्ण होने पर सायंकालीन भक्तामर दीपार्चना भी संपन्न हुई।
प्रबंध क्षेत्र समिति के अध्यक्ष महावीर प्रसाद पुराना और नरेन्द्र जैन बनेठा ने बताया कि विधानाचार्य के मार्गदर्शन में सभी कार्यक्रम बड़े भक्ति भाव से सम्पन्न हुए। कार्यक्रम में देव शास्त्र पूजा और मूलनायक की पूजा भी की गई, इसके बाद सभी लोगों ने वात्सल्य भोज में भाग लिया।
अतिशय क्षेत्र में मेला जैसा माहौल बना रहा। भक्तामर मंडल द्वारा शाम साढ़े छह बजे भक्तामर दीपअर्चना संपन्न की गई। इसमें टोंक, निवाई, बनेठा, उनियारा, अलीगढ़, नगरफोर्ट, नैनवा, बरवाड़ा ककोड़ आदि क्षेत्रों से श्रद्धालु शामिल हुए।

















































