लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। अजमेर–बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-58) से जुड़ने वाली महत्वपूर्ण लिंक रोड इन दिनों निर्माणाधीन है, जो विधानसभा क्षेत्र डेगाना के ग्राम सथानी, सथानाकलां, आलनियावास सहित कई छोटे गांवों को जोड़ती है। हालांकि ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण में लापरवाही बरती जा रही है। स्थिति यह है कि आधी-अधूरी बनी सड़क कई स्थानों पर पहले ही उखड़ने लगी है। ग्रामीणों के अनुसार निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री घटिया गुणवत्ता की है, जिसके कारण सड़क निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही नुकसान दिखने लगा है।
गांव वालों ने आशंका जताई कि यदि इसी प्रकार का निम्न गुणवत्ता वाला कार्य जारी रहा, तो भविष्य में सड़क पर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है और सरकारी धन की भी बर्बादी होगी। उन्होंने संबंधित विभाग से लिंक रोड का तत्काल पुनः निरीक्षण करवाने और उच्च गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य सुनिश्चित करने की मांग की है।



















































