लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
दो दिन में गिरफ्तारी नहीं हुई तो भरतपुर बंद की चेतावनी
भरतपुर। भरतपुर में बर्तन व्यापारी चंद्रभान की गोली लगने के बाद इलाज के दौरान हुई मौत से व्यापारियों में भारी आक्रोश है। सोमवार को कसेरा व्यापार महासंघ और बर्तन व्यापारियों ने गंगा मंदिर के पीछे स्थित बर्तन बाजार पूरी तरह बंद रखकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि दो दिन के भीतर गोलीकांड के आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो भरतपुर व्यापार महासंघ के नेतृत्व में पूरे शहर में बंद का आह्वान किया जाएगा। उनका कहना है कि लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, सुभाष नगर निवासी चंद्रभान की अनाह गेट पर बर्तनों की दुकान थी। शनिवार को वह मथुरा से प्लॉट खरीदने के लिए करीब पांच लाख रुपये लेकर बाइक से भरतपुर लौट रहे थे। इसी दौरान अनोखी होटल के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनसे रुपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके पेट में गोली मार दी। गंभीर हालत में पहले उन्हें आरबीएम अस्पताल और बाद में जयपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
कसेरा व्यापार महासंघ के जिला अध्यक्ष सुनील कसेरा ने कहा कि दो दिन पहले शहर में एक घंटे के भीतर दो व्यापारियों पर गोलीबारी की घटनाएं हुईं, लेकिन पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। इससे व्यापारियों में भारी रोष और भय का वातावरण है।
उन्होंने कहा कि यदि शहर में कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो इसका सीधा असर व्यापार पर पड़ेगा और बाहरी व्यापारी भी भरतपुर आने से बचेंगे। व्यापारियों ने बुधवार तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पूरे भरतपुर बंद की चेतावनी दी है।














































