लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। (रितु मेहरा) मानसरोवर क्षेत्र में द्रव्यवती नदी के निकट किरण पथ पर सड़क धंसने से आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है और बड़े गड्ढे बनने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया है। हालात ऐसे हैं कि वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं और लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क धंसने के कारण मार्ग संकरा हो गया है, जिससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन मुश्किल हो गया है। कई वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने पड़ रहे हैं, जबकि रोजाना इस रास्ते से गुजरने वाले लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। 
मौके पर सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग और रेत की बोरियां लगाकर गड्ढे को घेरा गया है, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही मरम्मत नहीं कराई गई तो बरसात के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है तथा बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कर यातायात को सुचारू बनाया जाए, ताकि लोगों को जाम और दुर्घटना के खतरे से राहत मिल सके।














































