लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास पर प्रखर राष्ट्रवादी चिंतक एवं शिक्षाविद् डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के चार प्रमुख पार्कों का नाम डॉ. मुखर्जी के नाम पर करने तथा उनके आदर्शों को समर्पित स्मारक स्थापित करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जयपुर के वुडलैंड पार्क, जोधपुर के विवेक विहार स्थित सेंट्रल पार्क, कोटा के रामचंद्रपुरा अटवाल नगर स्थित पार्क और उदयपुर की सेक्टर-12 योजना स्थित पार्क का नामकरण डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर किया जाएगा। इन पार्कों में उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को दर्शाने वाले स्मारक भी विकसित किए जाएंगे।
भजनलाल शर्मा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और जनसेवा के लिए समर्पित रहा। उनके विचार, त्याग और राष्ट्रभक्ति आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल नई पीढ़ी को डॉ. मुखर्जी के आदर्शों से जोड़ने और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित करने का प्रयास है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से विकसित भारत और विकसित राजस्थान के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान भी किया।














































