सथानाकलां में मुख्य सड़क बनी तालाब, कीचड़ और गंदगी से ग्रामीण परेशान

0
21
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

नालियों की सफाई नहीं होने से गलियों में पनप रहे मच्छर, कई बार शिकायत के बावजूद समस्या बरकरार

पादूकलां। निकटवर्ती ग्राम पंचायत सथानाकलां में सफाई व्यवस्था की बदहाली से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सथानी, रियांबड़ी और डोडियाना जाने वाले मुख्य मार्ग पर देवी स्थान के पास गंदा पानी जमा होने से सड़क तालाब में तब्दील हो गई है। नालियों की नियमित सफाई नहीं होने और जल निकासी की उचित व्यवस्था के अभाव में कीचड़ व गंदगी का अंबार लगा है। वहीं, गलियों और मोहल्लों में जमा गंदे पानी से मच्छर पनपने लगे हैं, जिससे मौसमी बीमारियां फैलने की आशंका बढ़ गई है।

मुख्य चौराहे पर आवागमन मुश्किल

मुख्य मार्ग पर जलभराव के कारण राहगीरों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। सड़क पर फैले कीचड़ और गंदगी के बीच से गुजरना लोगों की मजबूरी बन गया है। मुख्य चौराहे पर जमा गंदा पानी बुजुर्गों और अन्य राहगीरों के लिए भी परेशानी का कारण बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि नालियों में लंबे समय से गंदा पानी जमा रहने और सफाई के अभाव में मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है।

शिकायतों के बाद भी समाधान नहीं

ग्रामीणों के अनुसार, समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। लोगों ने नालियों की नियमित सफाई, जलभराव वाले स्थानों से गंदे पानी की निकासी और गलियों-मोहल्लों में स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।

स्वच्छता अभियान के बीच व्यवस्था पर सवाल

केंद्र और राज्य सरकारें स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए अभियान चला रही हैं, लेकिन सथानाकलां के मुख्य मार्ग और मोहल्लों में बने हालात स्थानीय व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत प्रशासन से जल्द सफाई करवाने, मच्छरों की रोकथाम के लिए आवश्यक उपाय करने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था बनाने की मांग की है। लोगों को उम्मीद है कि जिम्मेदार अधिकारी समय रहते समस्या का समाधान करेंगे, ताकि उन्हें रोजमर्रा की परेशानी से राहत मिल सके।

 

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here