लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बीकानेर-जोधपुर संभाग के भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं से संवाद में कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत इसके कार्यकर्ता हैं, जिनकी मेहनत से पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम छोर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य बजट 2026-27 दस स्तंभों पर आधारित है, जिनमें अवसंरचना विस्तार, नागरिक सुविधाओं में सुधार, औद्योगिक विकास एवं निवेश प्रोत्साहन, मानव संसाधन सशक्तीकरण, सामाजिक सुरक्षा, पर्यटन और सांस्कृतिक धरोहर, सुशासन एवं डिजिटल परिवर्तन, कृषि और किसानों का कल्याण, हरित विकास और 2047 तक 4.3 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य शामिल है।
उन्होंने वीबी जी राम जी कानून का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्थायी कार्य होंगे और ग्रामीण आर्थिक एवं सामाजिक रूप से सशक्त होंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस कानून को लेकर झूठ और भ्रम फैला रही है, जबकि इस वर्ष राज्य बजट में 4 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। किसान सम्मान निधि के तहत 76 लाख किसानों के खातों में 10,900 करोड़ से अधिक की राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से भेजी गई है।
मुख्यमंत्री ने रोजगार सृजन की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अब तक 1 लाख से अधिक सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, 1 लाख 54 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है और 1 लाख सरकारी पदों के लिए भर्ती कैलेंडर जारी किया जा चुका है। निजी क्षेत्र में भी 2 लाख से अधिक रोजगार के अवसर सृजित किए गए हैं।
संवाद के दौरान कार्यकर्ताओं से जिलेवार बजट और सरकार की योजनाओं पर फीडबैक लिया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे, केन्द्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुनराम मेघवाल, सांसद घनश्याम तिवाड़ी, दामोदरदास अग्रवाल, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, राजस्थान धरोहर प्राधिकरण अध्यक्ष आंेकार सिंह लखावत, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ सहित बीकानेर-जोधपुर संभाग के प्रभारी, सहप्रभारी और प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे।

















































