लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रद्धांजलि सभा एवं विशाल रक्तदान शिविर में प्रदेशभर से जुटे कर्मचारी, रक्तदाताओं का हुआ सम्मान
जयपुर.राजापार्क स्थित शिव हरमिलाप भवन में रविवार को जलदाय फेडरेशन इंटक के प्रथम प्रदेशाध्यक्ष एवं श्रमिक नेता स्वर्गीय मांगीलाल शर्मा की 33वीं पुण्यतिथि पर विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पीएचईडी स्पोर्ट्स क्लब एवं प्रान्तीय नल मजदूर यूनियन (इंटक) के संयुक्त तत्वावधान में हुआ।

कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए सैकड़ों जलदाय कर्मचारियों, कर्मचारी नेताओं, युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। रक्तदान शिविर में 245 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। आयोजन समिति ने बताया कि यह रक्त जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित होगा।
आयोजन समिति एवं संघ के प्रदेशाध्यक्ष संजय सिंह शेखावत ने बताया कि स्व. मांगीलाल शर्मा के सेवा, संघर्ष और कर्मचारी हितों के आदर्शों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से हर वर्ष उनकी पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर और श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाती है। इस वर्ष भी कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

कार्यक्रम में हवामहल विधायक बालमुकुंद आचार्य, पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, राजस्थान इंटक के प्रदेशाध्यक्ष जगदीश राज श्रीमाली, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास, पूर्व सांसद रामचरण बोहरा, पूर्व महापौर ज्योति खंडेलवाल तथा राजापार्क पार्षद स्वाति परनामी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने रक्तदाताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया और इस जनसेवा अभियान की सराहना की।
कार्यक्रम का समापन स्वर्गीय मांगीलाल शर्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा उनके बताए सेवा, संघर्ष और संगठन के मार्ग पर चलने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।













































