लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को दिए निर्देश, युवाओं के लिए AI और नवीन तकनीकों पर आधारित गतिविधियां आयोजित करने पर जोर
जयपुर। राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार अपनी तीसरी वर्षगांठ पर जयपुर में भव्य आयोजन करेगी। कार्यक्रम के माध्यम से राज्य सरकार तीन वर्षों की विकास योजनाओं, उपलब्धियों और भविष्य के विजन को आमजन के सामने प्रस्तुत करेगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन में आमजन की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ युवाओं को प्रदेश में हो रहे बदलावों और सरकार की नीतियों से रूबरू कराया जाए।
मुख्यमंत्री बुधवार को मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में वर्षगांठ समारोह की तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवा, महिला, किसान और गरीब के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। विकास की इस गति को आगे भी बनाए रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत-विकसित राजस्थान के विजन को साकार करने की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।
तीन वर्षों की उपलब्धियां होंगी प्रदर्शित
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली, पानी, सड़क, शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार, पर्यावरण और उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में राज्य सरकार ने पिछले तीन वर्षों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रदेश आज 30 योजनाओं में अग्रणी है। मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-शहरी वार्ड अभियान के माध्यम से वर्ष 2047 तक गांवों और शहरों के समग्र विकास का ब्लूप्रिंट तैयार किया गया है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह में सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जाए, ताकि आमजन तक विकास की तेज गति और सरकार की नीतियों की जानकारी पहुंच सके।
युवाओं के लिए होंगी रोचक गतिविधियां
मुख्यमंत्री ने आयोजन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप, महाराजा सूरजमल, मां अमृता देवी और मीराबाई जैसी ऐतिहासिक विभूतियों के जीवन और योगदान से युवाओं को परिचित कराने के लिए प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएं।
इसके साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और नवीन तकनीकों का समावेश करते हुए युवाओं के लिए आकर्षक कार्यक्रम तैयार किए जाएं। आयोजन में राजस्थान में हो रहे बदलावों के साथ प्रदेश के भविष्य की संभावनाओं और विकास की झलक भी दिखाई जाए।
जिलों में भी तैयार होगी कार्यक्रमों की कार्ययोजना
मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षगांठ समारोह को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करें। प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी वर्षगांठ से जुड़ी गतिविधियों की कार्ययोजना तैयार की जाए।
आगंतुकों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव को कार्यक्रम की तैयारियों की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित विभिन्न विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख शासन सचिव, शासन सचिव और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




















































