पादू खुर्द की नई पंचायत ने संभाली कमान 

0
54
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 सरपंच पवन मेघवाल ने जताई विकास की प्रतिबद्धता

पदभार ग्रहण समारोह में पूर्व विधायक मांगीलाल डांगा सहित जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं, पेयजल, बिजली और सफाई को प्राथमिकता देने का संकल्प

पादूकलां। निकटवर्ती ग्राम पंचायत पादू खुर्द में नवनिर्वाचित सरपंच पवन मेघवाल ने शुभ मुहूर्त में गौरी-गणेश की पूजा-अर्चना कर विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और ग्रामीणों ने नवनिर्वाचित पंचायत टीम का स्वागत करते हुए गांव के विकास की नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

पदभार ग्रहण समारोह के दौरान ग्राम विकास अधिकारी हंसराज मीणा ने राजस्थानी परंपरा के अनुसार सरपंच पवन मेघवाल को माला एवं साफा पहनाकर स्वागत किया और सरपंच पद की आधिकारिक सील सौंपकर कार्यभार ग्रहण करवाया। समारोह में नवनिर्वाचित उपसरपंच एवं सभी वार्ड पंचों का भी माल्यार्पण और साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया।

मूलभूत सुविधाओं और महिला सशक्तिकरण पर रहेगा फोकस

पदभार ग्रहण करने के बाद सरपंच पवन मेघवाल ने ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 36 कौम के लोगों ने विश्वास जताकर उन्हें गांव की सेवा की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। वे जनता के विश्वास पर खरा उतरते हुए पूरी ईमानदारी और निष्ठा से कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत में पेयजल, बिजली और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ महिला सशक्तिकरण एवं विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। सभी वर्गों को साथ लेकर गांव का चहुंमुखी विकास करना उनका लक्ष्य रहेगा।

पूर्व विधायक मांगीलाल डांगा सहित जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं

समारोह में मेड़ता सिटी के पूर्व विधायक मांगीलाल डांगा, रियांबड़ी के उपप्रधान गोविंद करण डांगा और पादू खुर्द के समाजसेवी नवीन घटियाला सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने शिरकत की। अतिथियों का राजस्थानी परंपरा के अनुसार माला एवं साफा पहनाकर स्वागत-सम्मान किया गया।

अतिथियों ने नवनिर्वाचित सरपंच, उपसरपंच एवं वार्ड पंचों को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए गांव के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

इस अवसर पर रामनिवास (बड़ा), चैनाराम डांगा, संजू लूणा, सांवलराम पारासरिया, राजूराम बड़ियासर, जयराम माकड़ सहित समस्त वार्ड पंच, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि तथा पादू खुर्द, केरिया और माकड़ा के बड़ी संख्या में महिला-पुरुष एवं युवा मौजूद रहे।

समारोह के अंत में सरपंच पवन मेघवाल ने पदभार ग्रहण कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here