लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कलेक्टर ने सभी विभागों को मिशन मोड में कार्य करने के दिए निर्देश
नागौर/जायल (प्रदीप कुमार डागा) आकांक्षी ब्लॉक जायल में भारत सरकार के आशान्वित ब्लॉक कार्यक्रम के तहत सम्पूर्णता अभियान 2.0 का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अरुण कुमार पुरोहित ने दीप प्रज्वलित कर अभियान का औपचारिक लोकार्पण किया।
जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित ने अपने संबोधन में कहा कि सम्पूर्णता अभियान 2.0 केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि जनभागीदारी आधारित आंदोलन है, जिसका उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक शासकीय सेवाओं की शत-प्रतिशत पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी विभागों को मिशन मोड में कार्य करने और आपसी समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जायल ब्लॉक को चयनित सभी संकेतकों में संतृप्ति की श्रेणी में लाया जा सके।
अभियान की रूपरेखा
उपखण्ड अधिकारी रजत ने बताया कि यह अभियान 28 जनवरी 2026 से 14 अप्रैल 2026 तक संचालित किया जाएगा। यह चरण सम्पूर्णता अभियान 1.0 की सफलता पर आधारित है और स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और पशुपालन क्षेत्रों में ठोस एवं स्थायी सुधार लाने का लक्ष्य रखता है।
नीति आयोग के समन्वयक सुरेन्द्र खण्डेलवाल ने बताया कि चयनित प्रमुख संकेतकों में शामिल हैं:
-
महिला एवं बाल विकास: 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों को आईसीडीएस में न्यूनतम 21 दिन पूरक पोषण, आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की नियमित ऊंचाई- वजन माप, कार्यशील शौचालय एवं सुरक्षित पेयजल सुविधा।
-
शिक्षा विभाग: सभी सरकारी विद्यालयों में बालिकाओं के लिए प्रत्येक 40 छात्राओं पर एक कार्यशील शौचालय।
-
पशुपालन विभाग: गोवंशीय पशुओं का खुरपका-मुंहपका रोग के विरुद्ध शत-प्रतिशत टीकाकरण।

तिथि-विशेष आधारित गतिविधियां
-
30 जनवरी: ग्राम सभाओं में स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और पशुपालन संकेतकों पर प्रस्ताव पारित कर जागरूकता शपथ।
-
4 फरवरी: विश्व कैंसर दिवस पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में टीबी, एनीमिया और मातृ स्वास्थ्य जांच शिविर।
-
11 फरवरी: किशोरी बालिकाओं के पोषण और स्वच्छता पर विशेष सत्र।
-
28 फरवरी: राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर सुरक्षित पेयजल, स्वच्छता, बच्चों की ग्रोथ मॉनिटरिंग और पोषण माप का प्रदर्शन।
-
8 मार्च: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर विशेष एएनसी पंजीकरण, गोद भराई और मातृ पोषण जागरूकता कार्यक्रम।
-
16 मार्च: राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस पर मानव और पशु टीकाकरण।
अभियान के शुभारंभ समारोह में जिला कलेक्टर अरुण कुमार पुरोहित, उपखण्ड अधिकारी रजत और नीति आयोग समन्वयक सुरेन्द्र खण्डेलवाल के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।















































