लोक टुडे न्यूज़
प्रेमचंद बैरवा ने ली , दूदू में भाजपा की संगठनात्मक बैठक
बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और जनसंपर्क अभियान मजबूत करने पर जोर, कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनावी तैयारी में जुटने का आह्वान
जयपुर/दूदू। राजस्थान में आगामी पंचायती राज एवं जिला परिषद चुनावों को लेकर भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने दूदू विधानसभा क्षेत्र में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में डॉ. बैरवा ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने संगठन की मजबूती में कार्यकर्ताओं की भूमिका को अहम बताते हुए कहा कि पार्टी की वास्तविक ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की एकजुटता आगामी पंचायत एवं जिला परिषद चुनावों में भाजपा की जीत का आधार बनेगी।
बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क पर फोकस
बैठक में चुनावी रणनीति के साथ स्थानीय स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने और आमजन तक पार्टी की पहुंच मजबूत करने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। पंचायत चुनावों में बूथ स्तर पर बेहतर प्रबंधन, कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल और प्रभावी जनसंपर्क अभियान को महत्वपूर्ण माना गया।

वरिष्ठ पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में जयपुर संभाग के पंचायती राज चुनाव प्रभारी एवं राजस्थान धरोहर प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, दूदू पंचायत समिति प्रभारी निर्मल नाहटा, जिला उपाध्यक्ष प्रकाश जैन, दूदू पंचायत समिति प्रवासी प्रभारी पवन, मंडल अध्यक्ष कुशराज सिंह, श्रवण वैष्णव, वरिष्ठ नेता भूपेंद्र सिंह और संजय सिंह सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक के जरिए भाजपा ने आगामी पंचायत एवं जिला परिषद चुनावों से पहले दूदू विधानसभा क्षेत्र में संगठनात्मक समन्वय और जमीनी स्तर पर चुनावी सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया।






















































