लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पंचायत भवन का किया घेराव
लोसल (सीकर), ओम प्रकाश सैनी। नजदीकी गांव सिंगरावट में लंबे समय से जारी पेयजल संकट को लेकर सोमवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। बड़ी संख्या में ग्रामीण समस्या के समाधान की मांग को लेकर पंचायत भवन पहुंचे और घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान सरपंच रितिका स्वामी के प्रतिनिधि विजय स्वामी और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि बाद में पंचायत प्रशासन की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ।
ग्रामीणों में जितेंद्र यादव, उप सरपंच श्रवण सिंह, महेंद्र गौड़ सहित अन्य लोगों ने बताया कि गांव में पिछले करीब दो वर्षों से पेयजल आपूर्ति की गंभीर समस्या बनी हुई है। जल जीवन मिशन योजना के तहत घर-घर कनेक्शन तो दिए गए हैं, लेकिन अभी तक एक बूंद पानी भी नियमित रूप से नहीं पहुंच पा रहा है।
भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों को मजबूरी में 500 रुपये प्रति टैंकर की दर से पानी मंगवाना पड़ रहा है, जिससे लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। ग्रामीणों ने बताया कि समस्या को लेकर स्थानीय प्रशासन से लेकर उच्च अधिकारियों तक कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
पंचायत प्रशासन ने मामले के समाधान के लिए एक कमेटी गठित करने और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त किया।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा और लोसल के सहायक अभियंता कार्यालय के बाहर धरना दिया जाएगा।




















































