लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पशुपालकों के हित में सरकार संकल्पित
जालोर। जिला प्रशासन एवं पशुपालन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम सायला में माँ कात्यायनी देवी पशुमेला सायला-2026 का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत रहे, जबकि अध्यक्षता राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने की।
पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में किसानों और पशुपालकों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पशु मेलों से पशुपालकों को आर्थिक मजबूती मिलेगी तथा विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त होगी।
उन्होंने लम्पी रोग टीकाकरण, मंगला पशु बीमा योजना, मोबाइल वेटरनरी यूनिट 1962, गौ-पालक कार्ड, सेक्स सॉर्टेड सीमन प्रोग्राम और उष्ट्र संरक्षण योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने पशुधन संरक्षण को वर्तमान समय की आवश्यकता बताते हुए पशुपालकों से विभागीय योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।
मेले के दौरान 16 से 19 फरवरी तक विभिन्न पशु प्रतियोगिताएं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। अंतिम दिवस पारितोषिक वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम में जिला प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।














































