लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सांसद हनुमान बेनीवाल ने पीएम मोदी व विदेश मंत्री को लिखा पत्र
नागौर/नई दिल्ली (प्रदीप कुमार डागा)
हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और जम्मू के भारतीय नागरिकों को धोखे से रूसी सशस्त्र बलों में शामिल करवाए जाने के मामले में, रूस में फंसे 24 भारतीय युवकों के परिजनों ने नागौर सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल से दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की।
सांसद बेनीवाल ने बताया कि परिजन अत्यंत व्यथित हैं और युवकों के जीवन को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त कर रहे हैं। उन्होंने इस मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह को पत्र लिखा।
पत्र में उल्लेख किया गया कि शीतकालीन सत्र में उठाए गए सवाल के जवाब के अनुसार, कुल 211 भारतीय नागरिक इस मामले में शामिल पाए गए हैं। इनमें से 121 को स्वदेश लौटाया जा चुका है, 63 अब भी रूस में सेवा में हैं (जिनमें कुछ लापता हैं), और 27 भारतीयों की दुखद मृत्यु हो चुकी है।
हनुमान बेनीवाल ने भारत सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है, ताकि देशवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो और उनके परिजनों को राहत प्रदान की जा सके। सांसद ने कहा कि लापता युवकों की वर्तमान स्थिति पर परिजनों को समय-समय पर जानकारी देने का भी अनुरोध किया गया है।















































