नगर परिषद का अतिक्रमण पर बड़ा अभियान, कई दुकानों का सामान जब्त

0
24
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

बनी सिंह मीना

गंगापुर सिटी / सवाई माधोपुर। शहर में बढ़ते अतिक्रमण और यातायात जाम की समस्या को लेकर नगर परिषद गंगापुर सिटी ने शुक्रवार को मुख्य बाजारों और सड़कों पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व सफाई निरीक्षक पिंटू कुमार मीना ने किया।

कार्रवाई के दौरान दुकानों के बाहर रखे तख्ते, सामान और अन्य अवरोध हटाए गए। कई दुकानदारों से जुर्माना वसूला गया, जबकि कुछ का सामान जब्त भी किया गया।

पांच फीट तक किया गया था अतिक्रमण

नगर परिषद के अनुसार कई दुकानदारों ने दुकानों के बाहर करीब पांच फीट तक अस्थायी अतिक्रमण कर रखा था, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही थी। बाजारों में लगातार जाम की स्थिति बनने से आमजन को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था।

हाल ही में शहर दौरे पर आई श्रेष्ठा मैत्रेयी की जनसुनवाई में भी नागरिकों ने अतिक्रमण और अव्यवस्थित यातायात की शिकायतें दर्ज कराई थीं।

कई बाजारों में चला अभियान

शुक्रवार सुबह कोतवाली थाना क्षेत्र से शुरू हुए अभियान में पुलिस बल और नगर परिषद की टीम ने देवी स्टोर चौराहा, खारी बाजार, चौपड़, इंद्रा बाजार, नया बाजार, फव्वारा चौक से प्राइवेट स्टैंड तक कार्रवाई की।

टीम ने दुकानदारों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की सख्त चेतावनी भी दी।

स्वच्छता पर भी दिया जोर

सफाई निरीक्षक पिंटू कुमार मीना ने बताया कि कई दुकानदार सड़क किनारे कचरा और सामान डालकर अव्यवस्था फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि डस्टबिन अंदर रखने और कचरा सड़क पर फेंकने की प्रवृत्ति से स्वच्छता और स्वास्थ्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर को स्वच्छ और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here