लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बोले— 35 नीतियों से निवेश को मिला बढ़ावा
जयपुर/भिवाड़ी । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भिवाड़ी में प्रदेश के पहले सेमीकंडक्टर क्लस्टर का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन एवं कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेश को प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और पिछले दो वर्षों में 35 नीतियों को लागू कर औद्योगिक विकास के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान को ऊर्जा क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए पवन और सौर ऊर्जा सहित अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) और यमुना जल समझौते का क्रियान्वयन तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग में भारत की बड़ी छलांग: अश्विनी वैष्णव
केंद्रीय रेल एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग में पिछले 12 वर्षों में बड़ी वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि यह क्षेत्र 6 गुना बढ़कर 13 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है और मोबाइल फोन अब भारत का सबसे बड़ा निर्यात उत्पाद बन गया है।
उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग स्कीम के तहत 75 परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। भिवाड़ी इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर में करीब 1,200 करोड़ रुपये का निवेश होगा, जिससे लगभग 2,500 लोगों को रोजगार मिलेगा और हर वर्ष 6 करोड़ चिप्स का उत्पादन संभव होगा। 
भिवाड़ी को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने का लक्ष्य: भूपेन्द्र यादव
केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि भिवाड़ी को देश का प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने कहा कि यहां ऑटोमोबाइल के साथ-साथ सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर को भी तेजी से विकसित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि भिवाड़ी में 34 एमएलडी क्षमता वाले सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का लोकार्पण और 34 एमएलडी ट्रीटेड वाटर लाइन का शिलान्यास किया गया है, जिससे जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होगा।
राज्य में बड़े विकास कार्य और योजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत–विकसित राजस्थान 2047 के लक्ष्य के तहत ग्राम और वार्ड विकास अभियान चलाया जा रहा है। पंचायत स्तर पर अटल ज्ञान केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।
इसके अलावा—
- रामजल सेतु लिंक परियोजना पर काम जारी
- 24 जिलों में किसानों को दिन में बिजली आपूर्ति
- 4 लाख भर्तियों के लक्ष्य में बड़ी प्रगति
- 1.35 लाख से अधिक नियुक्तियां प्रक्रियाधीन
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री संजय शर्मा, विधायक महंत बालकनाथ सहित कई जनप्रतिनिधि एवं उद्योग प्रतिनिधि वर्चुअल रूप से शामिल हुए।




















































