लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट: नितिन मेहरा, अजमेर
अजमेर। राजस्थान सरकार की मुख्यमंत्री दिव्यांग स्कूटी योजना के तहत अजमेर के वैशाली नगर स्थित बधिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में विशेष समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने 37 दिव्यांग छात्र-छात्राओं एवं पात्र व्यक्तियों को स्कूटियों की चाबियां सौंपी।
दिव्यांगों की इच्छाशक्ति सराहनीय: देवनानी
समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि दिव्यांगों में शारीरिक कमी हो सकती है, लेकिन उनकी इच्छाशक्ति और कार्यक्षमता अक्सर सामान्य व्यक्तियों से अधिक होती है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। साथ ही उन्होंने बधिर विद्यालय और जनसहयोग से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
जिले का लक्ष्य हुआ पूर्ण
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक जय प्रकाश ने बताया कि अजमेर जिले के लिए कुल 77 स्कूटियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इनमें से 40 स्कूटियां पूर्व में वितरित की जा चुकी थीं, जबकि शेष 37 स्कूटियां इस कार्यक्रम में वितरित कर लक्ष्य को पूर्ण कर लिया गया।
सुरक्षा और सुविधा का रखा गया ध्यान
लाभार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूटियों में दो अतिरिक्त पहिए लगाए गए हैं। साथ ही सभी लाभार्थियों को हेलमेट भी प्रदान किए गए, ताकि वे सुरक्षित रूप से आवागमन कर सकें।
शिक्षा और रोजगार में मिलेगी मदद
इस योजना से लाभान्वित दिव्यांगजन अब आसानी से अपने कार्यस्थल या शिक्षण संस्थान तक पहुंच सकेंगे, जिससे उनके रोजगार और शिक्षा के अवसरों में वृद्धि होगी।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सोनी, सोम रतन आर्य, विद्यालय के प्राचार्य संत कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।























































