झालावाड़ में 36 घंटे के भीतर दूसरी डकैती, सर्राफा कारोबारियों में दहशत

0
153
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

झालावाड़। जिले में महज 36 घंटे के भीतर डकैती की दूसरी बड़ी वारदात सामने आने से सर्राफा व्यापारियों और ग्रामीणों में भय का माहौल है। ताजा मामला मनोहरथाना क्षेत्र के आवलहेड़ा गांव का है, जहां मंगलवार तड़के 8 से 10 हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी कृष्णमुरारी सोनी के घर धावा बोल दिया।

बंदूक की नोक पर दादी-पोते को बनाया बंधक

बदमाशों ने घर में सो रही बुजुर्ग महिला और उसके पोते को बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया। इसके बाद घर में रखे करीब 25 ग्राम सोने और 250 ग्राम चांदी के आभूषण लूट लिए। बदमाश जाते-जाते घर में रखा 3 किलो देसी घी का डिब्बा भी अपने साथ ले गए।

घटना के समय व्यापारी कृष्णमुरारी सोनी पास के दूसरे मकान में सो रहे थे, जिससे उन्हें वारदात की भनक तक नहीं लगी।

पुलिस और एमओबी टीम मौके पर पहुंची

सूचना मिलते ही मनोहरथाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में डीएसपी अशोक कुमार भी एमओबी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डीएसपी के अनुसार, बदमाशों ने दादी के गले से मंगलसूत्र, झुमकियां, चांदी की पायजेब और बच्चे के हाथ का चांदी का कड़ा लूट लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

सरोला डकैती के बाद बढ़ा आक्रोश

गौरतलब है कि इससे पहले सारोला कस्बे में भी बदमाशों ने बंदूक की नोक पर परिवार को बंधक बनाकर करीब 140 किलो चांदी, 1 किलो सोने के आभूषण और नकदी लूट ली थी। लगातार दो बड़ी डकैतियों के बाद जिलेभर के सर्राफा व्यापारियों में आक्रोश बढ़ गया है और पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

व्यापारियों ने प्रशासन से रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here