लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया): भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में बुधवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कार्यकर्ता सुनवाई का आयोजन किया। इसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपनी समस्याएं, सुझाव और परिवाद मंत्री के समक्ष रखे।
मंत्री खींवसर ने मीडिया को बताया कि कुल लगभग 150 परिवाद प्राप्त हुए, जिनमें से 66 प्रतिशत मामले चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग से संबंधित थे। शेष अन्य विभागों से जुड़े परिवाद संबंधित मंत्रियों को भेजे जाएंगे, ताकि उनका शीघ्र समाधान हो सके।
खींवसर ने कहा कि कार्यकर्ता सुनवाई जैसे कार्यक्रम सरकार और संगठन के बीच सेतु का काम करते हैं और जमीनी स्तर की वास्तविक समस्याओं को सामने लाते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार पारदर्शी और संवेदनशील प्रशासन देने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, भाजपा महामंत्री भूपेंद्र सैनी, और प्रदेश मंत्री नारायण मीणा भी उपस्थित रहे।




















































