लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बाल विवाह और नशे से दूर रहने की दी नसीहत
उनियारा (दुर्योधन मयंक)। तालुका विधिक सेवा समिति के जागरूकता अभियान के तहत नियुक्त पैरालीगल वॉलंटियर (पीएलवी) चंचल गुप्ता ने सोमवार सुबह एक कोचिंग संस्थान में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को बाल विवाह और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
चंचल गुप्ता ने विद्यार्थियों को बताया कि यदि उनके आसपास या परिवार में कहीं भी बाल विवाह की तैयारी हो रही हो, तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासनिक अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते बाल विवाह रोका जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार लगातार बाल विवाह रोकने और युवाओं को सुरक्षित रखने के लिए जागरूकता अभियान चला रही हैं।
साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को यह भी समझाया कि कई बार परिवारजन कम उम्र में विवाह के लिए दबाव डालते हैं, लेकिन यदि आप विवाह योग्य आयु तक नहीं पहुंचे हैं, तो आप इसका विरोध कर सकते हैं और कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
नशे के संबंध में चंचल गुप्ता ने कहा कि यदि किसी स्थान पर नशे की सामग्री की बिक्री हो रही हो या कोई व्यक्ति नशा करता पाया जाए, तो इसकी सूचना प्रशासन को तुरंत दें। इससे युवाओं को नशे और अपराध की ओर बढ़ने से रोका जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को नशामुक्त जीवन, कानूनी अधिकारों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया।



















































