लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। निकटवर्ती ग्राम पंचायत पालडीकलां के ग्राम माण्डल देवा एवं ग्राम पंचायत माण्डल जोधा स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक संस्कृत विद्यालय और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को सेवा और सहयोग की प्रेरक पहल देखने को मिली। भामाशाह विष्णु टांडी ने दोनों विद्यालयों के कुल 311 छात्र-छात्राओं को निःशुल्क स्कूल बैग वितरित किए।
स्कूल बैग पाकर विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी झलक उठी और विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम में ग्राम के गणमान्य नागरिक, अभिभावक, शिक्षकगण एवं विद्यालय स्टाफ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार की ओर से विष्णु टांडी का साफा व माला पहनाकर सम्मान किया गया तथा शिक्षा क्षेत्र में उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि ऐसे सहयोग से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहन मिलता है और शिक्षा का स्तर मजबूत होता है। इस अवसर पर विष्णु टांडी ने कहा कि प्रतिस्पर्धात्मक युग में शिक्षा ही सफलता की कुंजी है और विद्यार्थियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने भविष्य में भी शिक्षा क्षेत्र में सहयोग जारी रखने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने आभार व्यक्त करते हुए मन लगाकर अध्ययन करने का संकल्प लिया। इस दौरान प्रधानाध्यापक सत्यनारायण डीडेल, महावीर नरेश टांडी सहित विद्यालय स्टाफ, विद्यार्थी एवं अभिभावक उपस्थित रहे।















































