लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सीकर (योगेश ऋषिका)। राज्य सरकार के बजट 2026-27 को लेकर यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता कर इसे विकासशील राजस्थान को विकसित राजस्थान बनाने वाला बजट बताया।
मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत विजन को आगे बढ़ाने वाला है। बजट महिला, युवा, किसान, मजदूर एवं वंचित वर्गों के कल्याण को समर्पित है।
उन्होंने बताया कि शेखावाटी क्षेत्र की वर्षों पुरानी पानी की मांग को पूरा करने के लिए यमुना जल परियोजना हेतु 32 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सीकर-झुंझुनूं के बीच नए एयरपोर्ट का सर्वे, खाटूश्यामजी में हेरिटेज वॉक-वे व मॉडल रोड, हवेलियों के संरक्षण हेतु 200 करोड़ रुपये, यूआईटी भवन निर्माण और फ्लाईओवर विस्तार को भी मंजूरी मिली है।
इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए 53 हजार 978 करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय का प्रावधान किया गया है। प्रतिव्यक्ति आय दो लाख दो हजार रुपये से अधिक होने का अनुमान है।
खाटूश्यामजी मेले में निजी पार्किंग संचालकों द्वारा अधिक वसूली पर मंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन जांच कर कार्रवाई करेगा।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने कहा कि संगठन पंचायती राज एवं निकाय चुनावों में मजबूती से उतरेगा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।















































