लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
एसीबी की बड़ी कार्रवाई
श्रीगंगानगर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगरपालिका अनूपगढ़ के तीन अधिकारियों को 48 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सुनील कुमार (सहायक लेखाधिकारी), सुरेश कुमार (स्टोरकीपर) और भारत सोनी (कंप्यूटर ऑपरेटर) शामिल हैं।
एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि परिवादी की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। आरोपियों ने एक फर्म के लंबित बिलों के भुगतान की एवज में 4 लाख रुपये की रिश्वत, जो कुल राशि का करीब 12 प्रतिशत कमीशन बनती है, की मांग की थी।
शिकायत का सत्यापन होने के बाद एसीबी टीम ने पुलिस निरीक्षक राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में जाल बिछाकर तीनों अधिकारियों को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। कार्रवाई एसीबी महानिरीक्षक पुलिस राजेश सिंह के सुपरवीजन में की गई।
एसीबी ने आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की पूछताछ व अनुसंधान जारी है। इस कार्रवाई को सरकारी तंत्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की सख्त और निरंतर कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।















































