आपदा में घबराएं नहीं, समझदारी से बचाएं जान

0
15
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

  एसडीआरएफ ने विद्यार्थियों को सिखाए बचाव के गुर

मॉक ड्रिल के जरिए दिया रेस्क्यू, सीपीआर और प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण

पादूकलां । निकटवर्ती ग्राम पंचायत पादूखुर्द स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में एसडीआरएफ अजमेर टीम द्वारा विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन एवं प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण देकर जागरूक किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भूकंप, आगजनी और बाढ़ जैसी आपात स्थितियों में सुरक्षित रहने एवं त्वरित बचाव के उपाय बताए गए।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य गंगाराम लटियाल द्वारा एसडीआरएफ टीम के स्वागत के साथ हुई। प्रशिक्षण के दौरान टीम सदस्यों ने विद्यार्थियों को बताया कि किसी भी आपदा के समय घबराने के बजाय संयम और सूझबूझ से काम लेना सबसे जरूरी होता है।

विद्यार्थियों को भूकंप के दौरान “ड्रॉप, कवर एंड होल्ड” तकनीक अपनाने, आग लगने की स्थिति में सुरक्षित निकास मार्ग का उपयोग करने तथा बाढ़ के समय ऊंचे स्थानों पर जाने के उपाय विस्तार से समझाए गए।

मॉक ड्रिल में सिखाया सुरक्षित रेस्क्यू

एसडीआरएफ जवानों ने विद्यालय परिसर में मॉक ड्रिल आयोजित कर भवन को सुरक्षित तरीके से खाली कराने का अभ्यास करवाया। साथ ही विद्यार्थियों को प्राथमिक उपचार, सीपीआर देने की प्रक्रिया, गैस सिलेंडर में आग लगने पर बचाव तथा पानी में डूब रहे व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने के तरीके भी बताए गए।

टीम ने खुले बोरवेल को तुरंत बंद करवाने और इसकी सूचना प्रशासन को देने की अपील भी की।

अफवाहों से दूर रहने की दी सलाह

एसडीआरएफ अजमेर टीम ने हेड कांस्टेबल सावित्री देवी मीणा के नेतृत्व में विद्यार्थियों को आपदा के समय अफवाहों से दूर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की पालना करने की सलाह दी। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछकर आपदा प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

प्रधानाचार्य गंगाराम लटियाल ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ आपात परिस्थितियों से निपटने की क्षमता विकसित करते हैं।

इस अवसर पर कांस्टेबल कैलाश कुमावत, अशोक भंवरिया, सुरजाराम, सुशील कुमार, रवि कुमार, डीवीआर दशरथ, रामप्रकाश डांगा, नरसिंह टेलर, बलदेव राम, हड़मान रोज, सुनील राव, सत्यनारायण, बाबूलाल, मनोहर लाल, सोहनराम, रूपचंद सहित विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here