लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। सथाना कलां से डोडियाना जाने वाले मार्ग पर अधूरी सड़क और पुलिया की कमी के कारण शनिवार शाम करीब 7 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक सीधे गहरी खाई में जा गिरे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत अजमेर अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में इलाज के दौरान कृष्ण गोपाल पुत्र शंकरलाल मेघवाल (22) ने दम तोड़ दिया। वहीं, मुकेश चंद पुत्र पाबू राम मेघवाल को सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जिनका इलाज जारी है।
रविवार सुबह समाजसेवी शमशेर खान ने घटना की सूचना रियांबड़ी तहसीलदार को दी। इसके बाद तहसीलदार अशोक कुमार और पटवारी महिपाल चौधरी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मौका रिपोर्ट तैयार की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रियांबड़ी से डोडियाना तक सड़क निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा है। पुलिया न होने और किसी प्रकार के चेतावनी संकेतक न लगे होने के कारण आए दिन हादसों का खतरा बना रहता है। मृतक कृष्ण गोपाल के दो वर्षीय मासूम बच्चे के सिर से पिता का साया उठ गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क और पुलिया निर्माण कार्य तुरंत पूरा कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।











































