लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
लोकेशन: जोधपुर (राजस्थान)
रिपोर्टर: बृजकिशोर पारीक
जोधपुर, सोमवार: सुरक्षित रेल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले जोधपुर मंडल के चार रेलकर्मचारियों को डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
डीआरएम कार्यालय के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में कर्मचारियों की सतर्कता और तत्परता की खूब सराहना की गई।
ट्रैक और सिग्नलिंग सुरक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन
यूनिट-16 के मेट पंकज कुमार को ट्रैक सुरक्षा, नियमित देखभाल और समयबद्ध निरीक्षण में उत्कृष्ट योगदान देने पर प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया।
सालावास स्टेशन के एसएसई (सिग्नल) आदित्य पंवार को सिग्नलिंग सिस्टम के विश्वसनीय एवं बेहतर संचालन को सुनिश्चित करने पर सम्मानित किया गया।
संभावित दुर्घटनाओं को समय रहते टाला
28 अक्टूबर को जैसलमेर सेक्शन में पटरियों पर ब्लास्ट मटेरियल (गिट्टी का उभरा हुआ ढेर) देखकर तत्काल सूचना देने और लोको को सुरक्षित रूप से रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर लोको पायलट महेंद्र राम देवड़ा को सम्मानित किया गया।
उनकी सूझबूझ के कारण एक संभावित हादसा टल गया।
इसी तरह धनेरा के की-मेन (32) शुभम कुमार सविता को रेल में फ्रैक्चर दिखाई देने पर तुरंत उच्च अधिकारियों को अवगत कराने और भीलड़ी–जेनाल सेक्शन में आ रही डाउन ट्रेन को लाल झंडी दिखाकर सुरक्षित रोकने हेतु सम्मानित किया गया।
डीआरएम ने सतर्कता को बताया प्रेरणा
डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने सभी कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सतर्कता पूरे रेल मंडल के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कर्मचारियों से अपने दायित्वों को सजगता और उत्तरदायित्व के साथ निभाने की अपील की।
कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में शाखाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।




















































