
— रेनवाल स्थित निजी आवास पर करेंगे जनसुनवाई
— 12 अगस्त को किया था क्षेत्र के सरकारी कार्यालयों का दौरा
— कई अधिकारी कर्मचारी मिले थे नदारद
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
किशनगढ़ रेनवाल। (नवीन कुमावत, वरिष्ठ संवाददाता )। फुलेरा से कांग्रेस विधायक विद्याधर सिंह चौधरी 14 अगस्त को रेनवाल बजरंग नगर स्थित अपने निजी आवास पर क्षेत्र की जनता की जनसमयाएं सुनकर उन्हें हल करने का प्रयास करेंगे। इससे पहले 12 अगस्त को भी रेनवाल क्षेत्र के सरकारी कार्यालयों के औचक निरीक्षण के दौरान कई अधिकारी कर्मचारी अनुपस्थित मिले थे,जिसकी शिकायत उन्होंने जिला कलेक्टर को की थी।
गौरतलब है कि पिछले कई दिनों से विधायक विद्याधर सिंह चौधरी को क्षेत्र की जनता की ओर से शिकायतें मिल रही थी, कि तहसील कार्यालय, सरकारी कॉलेज और अन्य कार्यालयों में अधिकारी कर्मचारी कार्य के प्रति लापरवाही कर रहे हैं। इस पर विधायक विद्याधर सिंह चौधरी ने औचक निरीक्षण किया। जिस दौरान सरकारी कॉलेज में प्रिंसिपल और तहसील कार्यालय में तहसीलदार अनुपस्थित मिले। इसके बाद विधायक विद्याधर चौधरी ने दूरभाष पर इसकी शिकायत जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित एवं कॉलेज आयुक्त पुखराज सैन को की। इस औचक निरीक्षण के दौरान विधायक के साथ एसडीएम अभिमन्यु सिंह कुंतल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्रवण कुमार डीडल, रेनवाल नगर पालिका अध्यक्ष अमित कुमार जैन, पार्षद महेंद्र सिंह सुल्तानिया, नगर कांग्रेस अध्यक्ष ओमप्रकाश रैगर, महेश बाज्या, राशिद खान, रामप्रकाश यादव, भोमाराम भावरिया आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।


















































