तेज रफ्तार ट्रैक्टर से भिड़ी बाइक, युवक की मौत

0
66
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

ईंट भट्टे से निकले ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, अस्पताल में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

कठूमर रिपोर्टर – संजीव बंसल

कठूमर थाना क्षेत्र के ग्राम टीकरी में रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

ईंट भट्टे से निकले ट्रैक्टर ने मारी टक्कर

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम टीकरी निवासी अमरजीत पुत्र समन्दर ने कठूमर थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि उसका 25 वर्षीय पुत्र अजय रविवार सुबह करीब 8 बजे मोटरसाइकिल से नगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान गांव से निकलते ही एक ईंट भट्टे से निकले मैसी ट्रैक्टर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि अजय गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस व ग्रामीणों की सहायता से घायल युवक को एंबुलेंस के जरिए कठूमर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अस्पताल में माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल था और माहौल गमगीन हो गया।

ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज

मृतक के पिता अमरजीत ने ट्रैक्टर चालक पर लापरवाही एवं तेज गति से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

समय पर उपचार नहीं मिलने पर उठे सवाल

ग्रामीणों के अनुसार हादसे के बाद अजय घायल अवस्था में काफी देर तक सड़क पर पड़ा रहा। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उसे अस्पताल पहुंचा दिया जाता तो संभवतः उसकी जान बचाई जा सकती थी।

हेलमेट नहीं पहनना बन रहा खतरा

ग्रामीणों ने कहा कि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाना लगातार हादसों में जानलेवा साबित हो रहा है। यह स्थिति ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन और परिजनों दोनों के लिए चिंता का विषय बनती जा रही है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here