लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर। जोधपुर ग्रामीण क्षेत्र के केरू अस्पताल में गुरुवार को एक अनोखा और सुखद मामला सामने आया, जहां घंटियाला निवासी लीला देवी (32), पत्नी पोदाराम लोहार ने सामान्य प्रसव के जरिए 5 किलो 200 ग्राम वजन की स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया।
अस्पताल के वरिष्ठ नर्सिंग अधिकारी दिनेश चौधरी ने बताया कि जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। सामान्य डिलीवरी के माध्यम से इतने अधिक वजन की बच्ची का जन्म होना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
चिकित्सकों की टीम ने निभाई अहम भूमिका
इस सफल प्रसव में ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुरेश सैनी, डॉ. कविता चौधरी, डॉ. महेश भार्गव, डॉ. विशाल दाधीच, डॉ. दीक्षा और रंजीत सिंह चौधरी सहित अस्पताल स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
परिवार में खुशी का माहौल
बच्ची के जन्म के बाद परिवार और गांव में खुशी का माहौल है। अस्पताल स्टाफ ने परिजनों को शुभकामनाएं दीं, वहीं अस्पताल में बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
सामान्य प्रसव बना चर्चा का विषय
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार सामान्य प्रसव में इतने अधिक वजन के शिशु का जन्म अपेक्षाकृत दुर्लभ माना जाता है। ऐसे मामलों में चिकित्सकीय निगरानी और टीमवर्क बेहद महत्वपूर्ण होता है।
























































