लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जनगणना 2027 के मकान सूचीकरण कार्य में किसी भी लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होगी : कलेक्टर देवेंद्र कुमार
नागौर (प्रदीप कुमार डागा) । जनगणना 2027 के तहत 16 मई से प्रारंभ होने वाले मकान सूचीकरण कार्य को लेकर जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार की अध्यक्षता में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक मकान का सूचीकरण पूरी सावधानी और गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी घर इस प्रक्रिया से छूट न जाए और किसी प्रकार का दोहराव भी न हो।
पहली बार पूरी तरह डिजिटल जनगणना
जिला कलेक्टर ने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जा रही है और सभी कार्य एचएलओ ऐप के माध्यम से संपादित होंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रगणक को सीएमएमएस पोर्टल से आदेश जारी किए गए हैं, जिनमें संबंधित ब्लॉक के नक्शे और विवरण भी उपलब्ध कराए गए हैं।
उन्होंने बताया कि जनगणना कार्य के लिए सुपरवाइजर, फील्ड ट्रेनर, मास्टर ट्रेनर और जनगणना अधिकारियों की व्यापक व्यवस्था की गई है, ताकि प्रगणकों की शंकाओं का तुरंत समाधान किया जा सके।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगणक सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने मेड़ता तहसील के प्रगणक राकेश कुमार मीणा, सुरेन्द्र नाथ, रवि जाखड़ तथा खींवसर तहसील के प्रगणक भरतसिंह राजपुरोहित को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
इन प्रगणकों ने अपने-अपने ब्लॉक में शत-प्रतिशत मकान सूचीकरण कार्य पूर्ण किया था।
सटीक आंकड़ों से बनेगी बेहतर विकास योजनाएं
प्रशिक्षण में बताया गया कि जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का आकलन कर विकास योजनाएं तैयार की जाएंगी। साथ ही, व्यक्तिगत जानकारी को पूर्णतः गोपनीय रखा जाएगा और किसी भी संस्था या व्यक्ति के साथ साझा नहीं किया जाएगा।
गोपनीयता और सटीकता पर जोर
अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी चम्पालाल जीनगर ने कहा कि जनगणना की वास्तविक तस्वीर तभी सामने आएगी जब आमजन प्रगणकों को सही और निष्पक्ष जानकारी देंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी सूचनाएं पूरी तरह गोपनीय रहेंगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला समन्वयक दौलतराम गांधी, जनगणना अधिकारी संजय कुमार सोनी, जयदीप चारण सहित जनगणना सेल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।






















































