लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सारनावास और सलेऊ में विशेष स्क्रीनिंग शिविर आयोजित
नागौर | (प्रदीप कुमार डागा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2025 तक भारत को टीबी मुक्त बनाने के संकल्प के तहत नागौर जिले में “100 डे टीबी फ्री अभियान” के अंतर्गत सारनावास और सलेऊ गांवों में विशेष टीबी स्क्रीनिंग शिविरों का आयोजन किया गया।
इन शिविरों में आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए ग्रामीणों की मौके पर ही जांच की गई तथा उन्हें टीबी के प्रति जागरूक किया गया। जिला क्षय रोग अधिकारी (DTO) डॉ. श्रवण राव के नेतृत्व में आयोजित इन शिविरों में हैंडहेल्ड डिजिटल एक्स-रे मशीन के माध्यम से कुल 114 ग्रामीणों के एक्स-रे किए गए।
डॉ. श्रवण राव ने बताया कि “प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान” का उद्देश्य ग्रामीण स्तर तक पहुंचकर टीबी रोगियों की समय पर पहचान करना और उनका शीघ्र उपचार सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि पोर्टेबल डिजिटल एक्स-रे मशीनों की मदद से अब दूरस्थ क्षेत्रों में भी बिना बड़े अस्पताल गए तुरंत जांच संभव हो रही है, जिससे मरीजों को समय पर राहत मिल रही है।
अभियान के सफल संचालन में डीआर-टीबी कोऑर्डिनेटर सुनील हर्ष और एसटीएस कैलाश भाकल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। तकनीकी टीम में सारनावास में असिस्टेंट रेडियोग्राफर हर्षित कुमावत तथा सलेऊ में अदिति गौड़ ने सेवाएं प्रदान कीं।
शिविर के दौरान ग्रामीणों को टीबी के लक्षण, बचाव और नियमित उपचार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल को ग्रामीणों ने सराहनीय बताते हुए जनस्वास्थ्य के लिए एक महत्वपूर्ण कदम करार दिया।






















































