लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट: नितिन मेहरा, अजमेर
अजमेर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से 13 मार्च 2026 को असम के गुवाहाटी में आयोजित पीएम-किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम में योजना की 22वीं किस्त जारी की गई।
इस अवसर पर देशभर के 9 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में लगभग 18 हजार 650 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई। राजस्थान में इस योजना के तहत लगभग 66.76 लाख किसान लाभान्वित हुए।
जिला कलक्टर लोकबंधु के निर्देशन में अजमेर जिले का जिला स्तरीय कार्यक्रम राष्ट्रीय बीजीय मसाला अनुसंधान केंद्र तबीजी में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 300 किसानों और महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा।
अजमेर जिले में इस योजना से लगभग 1 लाख 65 हजार किसान लाभान्वित हो रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान किसानों को योजना से संबंधित जानकारी, आधार सीडिंग, डीबीटी प्रक्रिया और पोर्टल पर लाभार्थी स्थिति की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में देहात अध्यक्ष जीतमल प्रजापत, अतिरिक्त जिला कलक्टर वंदना खोरवाल, सहकारिता विभाग के उप रजिस्ट्रार राजीव कजोट, नरेंद्र सिंह चुण्डावत, कृषि विज्ञान केंद्र तबीजी के वैज्ञानिक डॉ. धर्मेन्द्र सिंह भाटी, राष्ट्रीय बीजीय मसाला अनुसंधान केंद्र के डॉ. के. कृष्णकांत, डॉ. रमाकांत शर्मा, डॉ. के.पी. सिंह, श्रीमती उषा चितारा सहित प्रगतिशील किसान और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


















































