लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और वे जनता तथा सरकार के बीच संवाद का मजबूत सेतु का कार्य करते हैं। पत्रकार समाज के विश्वास के साथ जनहित के मुद्दों को सामने लाकर जागरूकता फैलाते हैं। जब मीडिया निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करता है तो लोकतंत्र और अधिक मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और उनके हितों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास पर प्रदेशभर से आए पत्रकारों से संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पत्रकार विपरीत परिस्थितियों में भी समर्पण के साथ कार्य करते हुए जनहित की खबरों को समाज तक पहुंचाते हैं। सूचना के इस युग में पत्रकारों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है, क्योंकि वे लोगों तक सही और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाने का कार्य करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकसित राजस्थान-2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से विकास कार्य कर रही है। पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए रामजल सेतु लिंक परियोजना, देवास परियोजना, यमुना जल समझौता, इंदिरा गांधी नहर परियोजना, गंगनहर और माही परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। इसके साथ ही बिजली व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया जा रहा है और वर्ष 2027 तक सभी जिलों में दिन में बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सरकार 4 लाख सरकारी और 6 लाख निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लक्ष्य पर कार्य कर रही है। अब तक 1 लाख 25 हजार नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1 लाख 33 हजार भर्ती प्रक्रियाधीन हैं और 1 लाख से अधिक पदों के लिए भर्ती कैलेंडर जारी किया जा चुका है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों से आए पत्रकारों से व्यक्तिगत रूप से संवाद कर उनके सुझाव भी सुने और समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। पत्रकारों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल पत्रकारों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता को दर्शाती है।
पत्रकारों ने बजट में राजस्थान वरिष्ठ अधिस्वीकृत पत्रकार सम्मान योजना के तहत सम्मान राशि 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह करने तथा राजस्थान आवासन मंडल के माध्यम से जयपुर में पत्रकारों के लिए आवासीय योजना लाने की घोषणा के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर प्रदेशभर के विभिन्न पत्रकार संगठन, प्रेस क्लब के पदाधिकारी और वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे।




















































