लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) विधायक खेल विकास योजना के अंतर्गत आयोजित संजय सरीन मेमोरियल भीलवाड़ा हॉकी लीग 2026 का भव्य समापन समारोह प्रतापनगर स्कूल ग्राउंड पर विधायक अशोक कोठारी के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता में शहर के 12 विद्यालयों के 120 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतापनगर स्कूल मैदान पर चल रही प्रतियोगिता के अंतिम दिन तीनों वर्गों के फाइनल मुकाबले खेले गए, जिनमें दर्शकों और अतिथियों ने खिलाड़ियों का भरपूर उत्साहवर्धन किया।
फाइनल मुकाबलों के परिणाम
-
सब जूनियर वर्ग:
ऋषभ टेक्सटाइल टीम ने श्रीजी पब्लिक स्कूल को 4–2 से पराजित कर खिताब जीता। कुशल पाल, देव नीरज राव, विहान बिश्नोई और कृष्णा भील ने शानदार प्रदर्शन किया। -
जूनियर वर्ग:
ब्रिटि स्कूल ने राइट चॉइस स्कूल को कड़े मुकाबले में 5–4 से हराया। सोनू यादव, करण मीणा, आदित्य धाकड़, रजत गाडरी और विश्वेंद्र सारस्वत ने उत्कृष्ट खेल दिखाया। -
सीनियर वर्ग:
वेदांत स्कूल ने सेवा सदन स्कूल को रोमांचक मुकाबले में 9–7 से हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया।

खिलाड़ियों को ट्रॉफी, कोच का सम्मान
समापन समारोह में विधायक अशोक कोठारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे खेलों पर पूर्ण ध्यान केंद्रित कर अपनी प्रतिभा को निखारें। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास बल्कि अनुशासन और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत करते हैं।
विधायक कोठारी ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आयोजक अजित जैन और विवेक निमावत के सतत प्रयासों की सराहना की और आशा जताई कि ये खिलाड़ी भविष्य में भीलवाड़ा का नाम राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।
कार्यक्रम में कैलाश डाड, मोहित सरीन, अनिल शर्मा, मनोज भाईसाहब, गोपाल राज पारिक, दिलीप सोनी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। अंत में विधायक खेल विकास योजना के पांचों सेंटर्स के कोच कोमल शर्मा, महेश शर्मा, दिनेश सोलंकी, मनीषा सोलंकी और पलक राजपूत को सम्मानित किया गया।













































