लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
‘पीळे चावळ’ बांट गढ़ गणेश, नगर सेठ और करणीमाता को दिया न्यौता, रामपुरिया हवेलियों तक निकला कारवां
बीकानेर | विजय कपूर |
बीकानेर | अंतर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव 2026 के प्रचार-प्रसार की शुरुआत शुक्रवार को परंपरागत ‘पीळे चावळ’ बांट व ‘आवण री मनवार’ के साथ हुई। इस अवसर पर गढ़ गणेश, नगर सेठ लक्ष्मीनाथ और करणीमाता के विधिवत पूजन कर उत्सव में पधारने का न्यौता दिया गया।
जिला प्रशासन एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 9 से 11 जनवरी तक आयोजित होने वाले ऊंट उत्सव के प्रथम कार्यक्रम के तहत लक्ष्मीनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात पारंपरिक वेशभूषा में सजे-धजे रोबीले ऊंट, लोक कलाकार और वाद्य यंत्रों से सुसज्जित कारवां नगर सेठ के मंदिर पहुंचा। लोकधुनों और नृत्य के बीच उत्सव का आमंत्रण दिया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उमड़ पड़े।
हेरिटेज मार्ग से रामपुरिया हवेलियों तक पहुंचा कारवां
लोक कलाकारों का यह रंग-बिरंगा काफिला लक्ष्मीनाथ मंदिर से रवाना होकर चूड़ी बाजार, किराणा बाजार, सब्जी मंडी होते हुए हेरिटेज मार्ग से रामपुरिया हवेलियों तक पहुंचा। मार्ग में कलाकारों ने नृत्य-संगीत के माध्यम से आमजन को ऊंट उत्सव में भागीदारी का निमंत्रण दिया। उत्सव के प्रचार ने पूरे शहर में उत्साह का माहौल बना दिया।
9 जनवरी से होगा ऊंट उत्सव का शुभारंभ
उल्लेखनीय है कि 9 जनवरी को लक्ष्मीनाथ मंदिर से प्रातः 8 बजे हेरिटेज वॉक के साथ ऊंट उत्सव की औपचारिक शुरुआत होगी, जो रामपुरिया हवेलियों तक पहुंचेगी।
पहले दिन जिला उद्योग संघ में ‘मान-मनवार’ कार्यक्रम के अंतर्गत देशी-विदेशी पर्यटक पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लेंगे। इसी दिन धरणीधर मैदान में पहली बार मिस्टर बीकाणा, मिस मरवण और ढोला मरवण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। सायं 7 बजे से ‘बीकाणा री आवाज’ सांस्कृतिक संध्या होगी।
तीन दिन विविध आयोजनों से सजेगा ऊंट उत्सव
दूसरे दिन कार्यक्रमों की शुरुआत संसोलाव तालाब स्थित पीपल वाटिका में योगाभ्यास से होगी। इसके पश्चात ऊंटों से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताएं, नेशनल केमल रिसर्च सेंटर की गतिविधियां, प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक संध्या डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित होंगी।
तीसरे दिन ऊंट उत्सव की समस्त गतिविधियां रायसर के धोरों में आयोजित की जाएंगी।
प्रशासनिक अधिकारियों को भी दिया न्यौता
पर्यटन विभाग के अधिकारियों द्वारा इसके पश्चात जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि, पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सागर, अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रशासन सुरेश कुमार यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह राठौड़ सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को भी पीले चावल भेंट कर उत्सव में आमंत्रित किया गया।
इस अवसर पर पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक अनिल राठौड़, सहायक निदेशक महेश व्यास, पर्यटन अधिकारी पवन शर्मा, नेहा शेखावत, सीताराम कच्छावा, अनिल बोड़ा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।














































